• June 7, 2025 10:18 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – पिस्टल की नोंक पर परिवार को बंधक बना लाखों की डकैती, जानें घटना…

Jul 16, 2021

राकेश कुमार – 7903735887 

हरनौत थाना क्षेत्र के छोटकी पुल के समीप एनएच 20 किनारे गुरुवार की रात सात नकाबपोश बदमाशों ने परिवार को बंधक बना टीवीएस शोरूम के मालिक के घर 15 लाख के डाकाजनी की घटना को अंजाम दिया। विरोध पर बदमाशों ने बट से पीटकर व्यवसायी को जख्मी कर दिया। लुटेरों के जाने के बाद पीड़ित ने थानेदार को सूचना देने का प्रयास किया। थानाध्यक्ष से संपर्क नहीं होने पर 100 नंबर पर जानकारी दी गई। सूचना पाकर रात में सदर डीएसी डॉ. मो. शिब्ली नोमानी दलबल के साथ पहुंचकर जांच में जुट गए।

डकैत घर से सीसीटीवी कैमरा व उसका डीवीआर भी ले गए। हालांकि, पड़ोसी के कैमरे में बदमाशों की फुटेज कैद हो चुकी है। जिसके आधार पर छापेमारी चल रही है। पीड़ित मुकेश कुमार ढाई लाख नगदी व सोने चांदी के जेवर लुटे जाने का आरोप लगा रहे हैं। जिसकी कुल अनुमानित कीमत 15 लाख से अधिक बताई जा रही है।

पीड़ित मुकेश अस्थावां का शाहबाजपुर गांव निवासी है। हरनौत में में भूमि खरीद उन्होंने शोरूम बनाया है। प्रथम तल्ले पर आवास है। जहां वह पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते हैं। देर रात आहट होने पर उनकी नींद खुली। बदमाशों ने हथियार का भय दिखाकर दंपती को रस्सी से बेड में बांध दिया। विरोध पर पिटाई भी की। इसके बाद घर में लूट पाट की। शातिर डकैतों ने पहले सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर को नोंच लिया। इसके बाद लूटपाट की। डाकाजनी को अंजाम दे बदमाश छत के रास्ते से फरार हो गया। बदमाशों के जाने के बाद व्यवसायी के बच्चों ने उन्हें बंधनमुक्त किया।

थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना के बाद वह रात में ही मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए। सदर डीएसपी भी मौजूद थे। बदमाशों की फुटेज पड़ोसी के कैमरे में कैद हो चुकी है। जिसके आधार पर पुलिस लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।