सूरज और आशीष की रिपोर्ट – 7903735887
जिले के अलग-अलग थाना इलाके में बीते 24 घंटे के दौरान हुई घटनाओं में आधा दर्जन की मौत हो गई। संबंधित थाना पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करा, उसे परिवार के हवाले कर दिया। पूरे दिन अस्पताल में परिवार की चीख पुकार गूंजती रही।
मौत नं. 01
पावापुरी ओपी क्षेत्र के रहीमचक-गांधी आश्रम के समीप गुरुवार की रात अज्ञात वाहन से कुचलकर बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान सिलाव प्रखंड के नानंद गांव निवासी 70 वर्षीय रामशरण यादव के रूप में की गयी है। पुत्र राजेन्द्र यादव ने बताया कि उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह दो महीने पहले घर से चले गये। गुरुवार को किसी ने उन्हें फोन कर घटना की सूचना दी।
मौत नं. 02
रहुई थाना क्षेत्र के सोहसराय हॉल्ट के समीप शुक्रवार को अज्ञात वाहन ने बुजर्ग दंपती टक्कर मार दिया। जिससे बिहार थाना क्षेत्र के इमादपुर मोहल्ला निवासी 65 वर्षीय राम किशोर पंडित की मौत हो गयी। जबकि, पत्नी जख्मी हो गईं। मौत से गुस्साए लोगों ने इमादपुर मोहल्ले के पास बिहारशरीफ-रहुई मार्ग को जाम कर दिया। लोगों ने सड़क पर पोल गिरा दिया और मुआवजे की मांग करने लगे।
मौत नं. 03
दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय मोड़ के एक अधेड़ अचेत होकर गिर गये। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनकी पहचान शेखपुरा जिला के शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र स्थित मियनबिगहा गांव निवासी 50 वर्षीय तनिक पासवान के रूप में की गयी है। बुजुर्ग अपने दामाद के घर नवीनगर से खाना लेकर अम्बेर निजी क्लिनिक जा रहे थे। जहां उनकी नातिन भर्ती थी। उसी दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई।
मौत नं. 04
बिन्द पीएनबी शाखा में बिन्द निवासी एक बुजुर्ग महिला रुपये निकालने के लिए आयी थी। करीब 3 घंटे बाद वह रुपये निकालकर घर लौटने लगी। तभी बेहोश होकर मुख्य द्वार के पास गिर गयी। लोगों के संभलने से पहले की महिला की मौत हो गयी। महिला की पहचान सुरेश राउत की 65 वर्षीय पत्नी कमला देवी के रूप में की गयी है।
मौत नं. 05
बिन्द थाना अंतर्गत ताजनीपुर गांव के गोइठवा नदी से शुक्रवार की सुबह महिला की लाश बरामद की गयी। किसानों ने नदी में उपला रही लाश को देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस पहुंची और शव को नदी से बाहर निकाला। सैकड़ों की भीड़ भी महिला की पहचान नहीं कर सकी। गले पर काला निशान देखकर लोग हत्या की आशंका जाहिर कर रहे हैं।
मौत नं. 06
करायपरसुराय टेम्पो स्टैंड के समीप शुक्रवार को एक महिला चक्कर आने से गिर गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनकी पहचान चिकसौरा थाना क्षेत्र के खोखना गांव निवासी मुसाफिर मांझी की 55 वर्षीया पत्नी गौरी देवी के रूप में की गयी है। परिजन ने बताया कि वह हिलसा बाजार जा रही थी। थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि परिजन ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।