• November 20, 2025 5:45 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – बकरा गांव में 24 घंटे का अखंड कीर्तन शुरू, निकाली गई भव्य कलश शोभा यात्रा ..

ByReporter Pranay Raj

Jun 30, 2025

गिरियक से  मुन्ना पासवान की रिपोर्ट

गिरियक प्रखंड अंतर्गत चोरसुआ थाना क्षेत्र के बकरा गांव में मंगलवार को सुख, समृद्धि और शांति के लिए 24 घंटे के अखंड कीर्तन की शुरुआत की गई। इस अवसर पर गांव में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत 201 कलशों के साथ भव्य कलश शोभायात्रा से हुई, जो बैंड-बाजे और गाजे के साथ निकाली गई। शोभायात्रा देवी मंदिर स्थान से प्रारंभ होकर गांव का भ्रमण करते हुए पंचाने नदी तक पहुँची, जहां कलश में जल भरकर श्रद्धालु पुनः देवी मंदिर पहुंचे। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। “जय शिव शंकर, जय सियाराम” के जयघोष से क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।

देवी मंदिर में जल भरे कलशों की स्थापना के पश्चात वेदी पूजन की शुरुआत की गई, जिसे पुरोहित टुनटुन कुमार ने पंडित स्नेह मिश्रा, विद्यानंद विद्यार्थी एवं अन्य आचार्यों के साथ संपन्न कराया। वैदिक मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय हो गया।

बुधवार सुबह से अखंड कीर्तन का विधिवत शुभारंभ हुआ। आयोजन के मुख्य संयोजक पंचायत समिति सदस्य रामानंद केवट एवं ग्रामवासियों ने बताया कि अखंड कीर्तन से क्षेत्र में सुख, समृद्धि एवं शांति की स्थापना होती है। साथ ही भोलेनाथ को प्रसन्न कर धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है।

इस अवसर पर पुजारी स्नेह मिश्रा ने पंचदेव पूजन कराया और अखंड कीर्तन की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में धार्मिक चेतना का विकास होता है और ईश्वर कृपा प्राप्त होती है।सुरक्षा व्यवस्था के लिए पावापुरी ओपी थाना प्रभारी गौरव सिंह, एएसआई विनोद कुमार, अंजन कुमार रॉय, रामजी प्रसाद एवं सशस्त्र बल मौके पर तैनात रहे।