राज – 9334160742
नालंदा जिले के हिलसा अनुमंडल के नगरनौसा और हिलसा थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने दो लोगों को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना से इलाके में सनसनी मच गई है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुट गई है।
नगरनौसा थाना क्षेत्र के पुराना थाना भवन के पास शुक्रवार रात बदमाशों ने युवक की पर गोलियों की बौछार कर दी। दो गोलियां लगने से युवक की जान चली गई। मृतक ढिबरापर गांव निवासी शैलेंद्र प्रसाद का 26 वर्षीय पुत्र कुंदन कुमार उर्फ कैलू था। पत्नी मधु सिन्हा ने आधा दर्जन बदमाशों काे आरोपित कर केस कराया है। पूर्व के विवाद में आरोपितों पर हत्या का आरोप लगा है। शनिवार को एसपी भारत सोनी मौके पर घटना की जांच को पहुंचे। कांड के खुलासा के लिए एसपी ने एसआईटी का गठन किया है। कुछ माह पहले मृतक के चचेरे भाई का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई थी। आरोपितों पर केस चल रहा है। अंदेशा है कि केस करने की खुन्नस में हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
थानाध्यक्ष पंकज कुमार पवन ने बताया कि मृतक की पत्नी के बयान पर छह नामजद व कुछ को आरोपित किया गया है। पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुटी है।
चौकीदार के पिता की हत्या
हिलसा थाना क्षेत्र के कोयरी टोला मोहल्ले में शुक्रवार की देर रात अपराधियों ने बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक स्व. राम केसरी प्रसाद के 50 वर्षीय पुत्र खिरोधर प्रसाद थे। मृतक का बड़ा पुत्र चंडी थाना में चौकीदार है। बुजुर्ग एक ग्रामीण के संपत्ति की रखवाली करने के साथ उनके खेतीबाड़ी का काम देखते थे। खेत मालिक व भतीजे को संदिग्ध बताते हुए ग्रामीण उनकी पिटाई करने लगे। मारपीट के बाद दोनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुत्र रवि ने बताया कि पिता जिनकी संपत्ति की रखवाली करते उनके भतीजा से मिट्टी भराई के विवाद में झगड़ा हुआ था। अंदेशा है कि उसी रंजिश में पिता की हत्या की गई। थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार ने बताया कि मामले की सभी बिंदुओं पर घटना की जांच की जा रही है। चार संदिग्धों काे हिरासत में लिया गया है।