राहुल रंजन की रिपोर्ट
जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन लोगों की मौत से सनसनी फैल गई। कहीं संदिग्ध हालात में शव मिला तो कहीं सड़क हादसे में युवक की जान चली गई, जबकि एक मजदूर की लाश कुएं से बरामद हुई है। पुलिस तीनों मामलों की जांच में जुटी है।
राइफल मोड़ के पास अधेड़ का शव बरामद
पावापुरी ओपी थाना क्षेत्र में शनिवार को राइफल मोड़ के समीप एक अज्ञात करीब 45 वर्षीय अधेड़ का शव बरामद किया गया। ओपी प्रभारी गौरव कुमार सिंह ने बताया कि शव पावा मार्ग के किनारे पड़ा मिला। मृतक के चेहरे पर जख्म के निशान प्रतीत हो रहे हैं, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए भेज दिया है। शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
अज्ञात वाहन से कुचलकर युवक की मौत
वहीं सरमेरा थाना क्षेत्र के बढ़िया गांव के पास शुक्रवार की रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 34 वर्षीय युवक भीम दास की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, रात करीब 10 बजे वह घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें कुचल दिया और फरार हो गया। थानाध्यक्ष साकेंद्र कुमार बिंद ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस वाहन की पहचान में जुटी है।
कुएं से मिला मजदूर का शव
उधर इसलामपुर थाना क्षेत्र के कोविल गांव के खंधा स्थित कुएं से 46 वर्षीय मजदूर सुरेश पासवान का शव बरामद हुआ। बताया जाता है कि वह 16 फरवरी को खेत पटवन के लिए घर से निकले थे, जिसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजन डूबने से मौत की आशंका जता रहे हैं। अपर थानाध्यक्ष रामकुमार पाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

