• November 20, 2025 6:01 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – मां के दरबार में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, होती है मुरादें पूरी…

ByReporter Pranay Raj

Apr 2, 2024

राजा – 7903735887  

चैत्र अष्टमी को बिहारशरीफ प्रखंड के मघड़ा स्थित सिद्धपीठ मां शीतला के दरबार में पूजा अर्चना के लिए अल सुबह से श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। पुरोहित द्वारा पहले मां शीतला की पूजा अर्चना की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को पूजा करने की अनुमति दी गई।

मान्यता है कि मंदिर के पास तालाब में स्नान कर पूजा अर्चना करने से चेचक रोग से मुक्ति मिल जाती है। मंगलवार होने के कारण जिले ही नही आसपास के कई राज्यों से भक्त माता के दर्शन करने के लिए पहुंचे। तीन दिनों तक चलने वाले इस मेले को लेकर जिला और पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों के साथ साथ सीसीटीवी से नजर बनाई जा रही है। डीएम शशांक शुभंकर, एसपी अशोक मिश्रा मौके पर पहुंचकर व्यवस्था व सुरक्षा का जायजा लिया।

पुजारी ने बताया कि इसे सिद्ध पीठ माना जाता है। गांव के ही एक भक्त को माता ने सपने में दर्शन देकर यह बताई थी कि गांव के कुआं में उनकी प्रतिमा है। इसके बाद लोगों ने कुएं की खुदाई कर माता की प्रतिमा को निकाल कर मंदिर के गर्भगृह में स्थापित किया गया। इस कुआं को मिठ्ठी कुआं के नाम से जाना जाता है। चैत्र अष्टमी के दिन मघड़ा समेत दर्जनों गांव में चूल्हे नहीं जलते हैं। ग्रामीण सप्तमी को ही मीठी कुआं के जल से भोजन बना कर अष्टमी के दिन प्रसाद के रूप में इसे ग्रहण करते हैं। मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए आकर्षक झूले लगाए गए हैं।