• November 20, 2025 5:22 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज़ नालंदा – 2 की मौत: किसी की उजड़ी मांग तो किसी की हुई गोद सूनी…

ByReporter Pranay Raj

Sep 29, 2025

राज – 9334160742 

चंडी थाना क्षेत्र के जैतीपुर-हरनौत मार्ग में दौलतपुर गांव के पास सोमवार को दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। घटना में किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि, महिला समेत तीन लोग जख्मी हो गए।

मृतकों में चंडी के मनियारपुर गांव निवासी रंजन कुमार के 15 वर्षीय पुत्र आयुष्मान कुमार और दूसरी बाइक पर सवार पटना जिला के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के भुआपुर गांव निवासी मिकू कुमार हैं। जख्मी लोगों में मनियारपुर निवासी सूरज कुमार, रविकांत कुमार और मृतक मिकू की पत्नी शामिल हैं। सभी इलाजरत हैं।

परिजनों ने बताया कि सूरज नई बाइक आर वन की पूजा करने जगदंबा स्थान गया था। उसके साथ आयुष्मान और रविकांत भी था। तीनों पूजा कर लौट रहे थे। उसी दौरान ट्रक से चकमा खाकर बाइक सामने से आ रही पल्सर से टकरा गई।

दुर्घटना में किशोर की मौके पर जान चली गई। जबकि, मिकू की मौत इलाज के दौरान हुई। मिकू की पत्नी व सूरज की हालत गंभीर बनी है। मिकू पत्नी के साथ जहानाबाद जिला के टेहटा गांव स्थित ससुराल जाने निकले थे। उसी दौरान दुर्घटना हुई। मृतक किशोर माता-पिता का इकलौता संतान था। उसी मौत से मां की गोद सूनी हो गई।

मौत की खबर पाकर उनके परिजन मॉडल अस्पताल पहुंच गए। जहां परिवार की चीख पुकार गूंजने लगी। मृतक मिकी की पहचान घंटों बाद हुई। उनकी जख्मी पत्नी अचेत थीं। बाइक नम्बर से मिकू की पहचान हुई।

थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई। जख्मी तीन सवार इलाजरत हैं। पोस्टमार्टम के बाद शवों को उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।