• February 25, 2026 5:11 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – 12 वर्षों का सफर: शेक्सपियर इंग्लिश स्कूल के वार्षिकोत्सव में दिखा बच्चों का टैलेंट, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां……

ByReporter Pranay Raj

Feb 16, 2026

राज – 9470237542 

टाउन हॉल में सोमवार को शेक्सपियर इंग्लिश स्कूल का 12वाँ वार्षिकोत्सव अत्यंत गरिमामय और भव्य वातावरण में संपन्न हुआ। 12 वर्षों के सफल शैक्षणिक सफर के उपलक्ष्य में आयोजित इस समारोह का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि नालंदा विद्या मंदिर के निदेशक आशीष रंजन  व अन्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथियों ने कहा कि वास्तविक शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संस्कार, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्वों का एक समावेशी स्वरूप है। उन्होंने विद्यार्थियों के बहुआयामी विकास के लिए विद्यालय प्रबंधन द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना की।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय की प्राचार्या डॉ. संगीता कुमारी ने अतिथियों का स्वागत किया और विद्यालय की उपलब्धियों प्रकाश डाला। उन्होंने घोषणा की कि जो विद्यार्थी शिक्षा, कला और संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे, विद्यालय उन्हें आगे बढ़ाने में हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय की ओर से निरंतर पुरस्कृत और प्रोत्साहित किया जाता रहेगा।

समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों ने लोकगीतों, देशभक्ति के तराने और सामाजिक कुरीतियों पर आधारित मर्मस्पर्शी नाटकों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।