• June 7, 2025 12:15 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – किशोरियों की सुविधा के लिए स्कूल में लगी सेनेटरी पैड मशीन …..

Jan 4, 2022

राज – 7903735887 

बिहारशरीफ के कमरुद्दीनगंज स्थित राजकीय कन्या उच्च मध्य विद्यालय में इनरव्हील क्लब द्वारा सेनेटरी पैड मशीन की स्थापना की गयी। इनरव्हील क्लब बिहारशरीफ की पूर्व अध्यक्ष नीरजा कुमारी ने मशीन का उद्घाटन किया | मौके पर उन्होनें कहा कि अब किशोरी इस मशीन से आवश्यकता के अनुसार पैड ले सकती हैं। साथ ही, उपयोग की गयी पैड को फेंकने की बजाये उसे डिस्पोज कर सकेंगी।


अध्यक्ष मंजु प्रकाश ने बताया कि किशोरियों को माहवारी से सबसे अधिक परेशानियां होती हैं। इसके चलते संक्रमण की भी आशंका बनी रहती है। संक्रमण से बचने के लिए स्वच्छता व सुरक्षा बहुत ही आवश्यक है। लोकलाज के चलते किशोरियां दुकानों से सेनेटरी पैड खरीद नहीं पाती हैं। इसके निराकरण के लिए आज  सेनेटरी पैड मशीन की स्थापना की गयी | यह मशीन लगाने से बालिकाओं का हाइजीन संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं का समाधान हो सकेगा एवं अन्य परेशानियां जो उन्हें विद्यालय में मासिक धर्म के बीच आती हैं उससे छुटकारा भी मिलेगा और वह अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे पाएंगी।आज भी कई जगह माहवारी के दौरान बालिकाओं को स्कूल जाने या अन्य दैनिक काम काज करने पर रोक लगा दी जाती है। इसके साथ ही स्त्री शक्ति के अंतर्गत इनरव्हील द्वारा सुप्रिया नामक एक लड़की को अपना रोजगार चलाने के लिए एक सिलाई मशीन प्रदान करवाई गई। सुप्रिया रोटरी सहेली सेंट्रल से सिलाई का कोर्स पूर्ण कर चुकी है एवं अब वह अपना घर चलाने के लिए अपने परिवार का हाथ बटाना चाहती है।

एचएम नीतू रानी ने छात्राओं को कहा कि आठवीं वर्ग में आते-आते किशोरियों को इस तरह की परेशानियों से गुजरना पड़ता है। इस मशीन से उन्हें लाभ मिलेगा | इनरव्हील सचिव रश्मि दास ने बताया कि इनरव्हील हमेशा महिला उत्थान के लिए कार्यरत है। एवं इस वर्ष इनरव्हील के डिस्ट्रिक्ट गोल में स्त्री शक्ति पर विशेष ध्यान दिया गया है। जिसके अंतर्गत हम महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारा क्लब सदैव जरूरतमंद महिलाओं की मदद करने के लिए तैयार रहता है और हमारा एकमात्र उद्देश्य है के ज्यादा से ज्यादा महिला अपने पैरों पर खड़े हो आत्मनिर्भर बन सके।मौके पर एडिटर शोभा रानी, डॉ. प्रीति रंजना, अंजु, जयारानी, सुमन भारती, अमिता रानी, पूनम कुमारी व अन्य मौजूद थे।