• November 20, 2025 5:33 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – हत्या का विचाराधीन कैदी जेल से फरार, नपेंगे अधिकारी-कर्मी…

ByReporter Pranay Raj

Jan 16, 2024

सूरज – 7903735887 

बिहारशरीफ मंडल कारा की सुरक्षा में सेंध लगाकर हत्या का एक विचाराधीन कैदी मंगलवार की सुबह गमछा व बेडशीट के सहारे फरार हो गया। घटना के बाद जेल प्रशासन की सांसे फूल गई। फरार कैदी रणविजय कुमार है। जो पिछले 1 नवंबर से सेल नम्बर 24 में बंद था। सुबह जब सेल खुला तो वह जेल की सुरक्षा को धत्ता बताते हुए पूरब साइड की दीवार को गमछे और बेडशीट के सहारे रस्सी बनाकर दीवार फांद फरार हो गया। हालांकि इस बीच टावर पर मौजूद सुरक्षाकर्मी ने उसे रोकने का प्रयास किया। लेकिन उनका प्रयास विफल साबित हुआ और बड़े आराम से रणविजय जेल प्रशासन की नजर के सामने ही फरार हो गया। घटना की सूचना के बाद डीएम शशांक शुभंकर, एसपी अशोक मिश्रा  जेल पहुंचकर घटना की जांच में जुट गए। जेल अधीक्षक ने दीपनगर थाना में घटना की प्राथमिकी दर्ज कराई।

फरार कैदी बिन्द थाना क्षेत्र के कथराही गांव निवासी रणविजय कुमार है। रहुई थाना क्षेत्र के सोसन्दी गांव निवासी यूट्यूबर हराधन कुमार की हत्या के आरोप में जेल में बंद था। एक ही युवती से मृतक हराधन कुमार और आरोपी शिक्षक रणविजय कुमार का प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी खुन्नस में आकर उसने जघन्य वारदात को अंजाम दिया था।

डीएम ने बताया कि घटना में जेल प्रशासन की लापरवाही सामने आई है। दोषी अधिकारी और कर्मियों पर कार्रवाई होगी। साथ ही जेल की सुरक्षा को पुख्ता किया जाएगा।