• November 20, 2025 7:47 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – पंचायत चुनाव: शांतिपूर्ण मतदान, पुरुष से ज्यादा महिला वोटरों की भीड़ से बदलाव के संकेत

ByReporter Pranay Raj

Sep 29, 2021

सूरज – 7903735887 

द्वितीय चरण में नालंदा जिला के थरथरी और गिरियक प्रखंड में बुधवार को शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न हो गया। थरथरी में 62.80 और गिरियक 64.70 प्रतिशत वोट पड़े। दोनों प्रखंडों में पुरुषों से ज्यादा महिला वोटरों की संख्या रही। निर्जला व्रत जिउतिया करने के बाद भी मतदान केंद्रों में महिलाओं की भीड़ रही। जिसे ग्रामीण बदलाव के संकेत बता रहे हैं।
भयमुक्त पंचायत चुनाव संपन्न कराने को लेकर कड़ी सुरक्षा के बीच प्रत्येक बूथ पर तीन सशस्त्र बल एवं एक दंडाधिकारी की नियुक्ति की गई थी। मतदान के बाद ईवीएम को मतगणना केंद्र तक सुरक्षित रखने को लेकर बिहारशरीफ मुख्यालय स्थित नालंदा कॉलेज में वज्रगृह बनाया गया है। मतदान को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण करते रहे। गिरियक दुर्गापुर पंचायत के निवर्तमान मुखिया के घर वोटरों को परोसने के खाना बन रहा था। सूचना मिलने पर राजगीर एसडीओ अनिता सिन्हा व डीएसपी प्रदीप कुमार ने संयुक्त रूप से कार्रवाई कर खाना जब्त कर निवर्तमान मुखिया राकेश कुमार को थाना ले गए। हालांकि, चर्चा कि कार्यकर्ताओं के लिए खाना बनाया जा रहा था।