• November 20, 2025 7:12 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – लापता अभियंता नवादा से मिले, जानें अपहरण की सच्चाई

ByReporter Pranay Raj

Nov 7, 2021

दीपनगर थाना क्षेत्र के सुपर ग्रिड के कनीय अभियंता आशीष कुमार शुक्रवार को करगिल चौक के समीप लापता हो गए थे। परिजन उनके अपहरण की आशंका जता रहे थे। रविवार को अभियंता नवादा के रजौली में मिले। परिवार की मानें तो चार पहिया वाहन से अपहरण कर दो दिनों तक उन्हें गाड़ी में रखा गया। इस दौरान उनकी पिटाई की गई। मारपीट के बाद बदमाशों ने उन्हें रजौली में सड़क पर फेंक दिया। रजौली पुलिस अभियंता को अस्पताल में भर्ती कराई। परिवार को रजौली पुलिस से अभियंता के मिलने की खबर मिली। हालांकि, दीपनगर पुलिस घटना को अपहरण का नाटक बता रही है।
अभियंता की पत्नी पुष्पा कुमारी ने बताया कि रजौली पुलिस ने उन्हें फोन कर पति के मिलने की जानकारी दी। वह अस्पताल में भर्ती थे। दीपनगर पुलिस को इसकी सूचना देकर वह परिजन के साथ रजौली चली गई। जहां पति ने बताया कि करगिल चौक के समीप से कुछ लोगों ने चार पहिया वाहन में बिठा उन्हें अगवा कर लिया। मुंह में टेप साट उन्हें दो दिनों  तक गाड़ी में बंधक बना पीटा गया। महिला ने विभाग के वरीय अधिकारी के इशारे पर अपहरण किए जाने का आरोप लगाया।

थानाध्यक्ष मो. मुश्ताक अहमद ने बताया कि अब तक की जांच से प्रतीत हो रहा है कि अभियंता का विभाग से कुछ विवाद चल रहा था। इस कारण वह घर से भाग कर अपहरण साबित करने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस उन्हें नवादा से लेकर आ रही है। यहां उनका बयान लेकर उसके सत्यता की जांच की जाएगी। तब मामला स्पष्ट होगा।