• February 25, 2026 5:11 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा : श्रम कल्याण मैदान में हवाई जहाज जैसे एंट्री गेट से सजा कश्मीरी ऊनी मेला, बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए बना आकर्षण का केंद्र

ByReporter Pranay Raj

Jan 17, 2026

राहुल रंजन 

बिहार शरीफ के श्रम कल्याण केंद्र मैदान में शनिवार से कश्मीरी ऊनी मेला सह फन जोन की भव्य शुरुआत हो गई। मेले का उद्घाटन अस्थावां के विधायक डॉ. जितेंद्र कुमार ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने मेले का भ्रमण कर वहां लगी दुकानों और फन जोन का जायजा लिया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. जितेंद्र कुमार ने कहा कि यह मेला शहरवासियों के लिए खास सौगात है। यहां कश्मीर से लाए गए शुद्ध ऊनी उत्पाद एक ही छत के नीचे उपलब्ध हैं।

मेले के संचालक आशीष कुमार ने बताया कि कश्मीरी ऊनी मेला सह फन जोन का उद्देश्य लोगों को खरीदारी के साथ-साथ मनोरंजन का बेहतरीन अवसर देना है।मेले में कश्मीरी शॉल, स्वेटर, जैकेट, टोपी, मफलर, कंबल सहित कई तरह के गर्म कपड़े लोगों के लिए बिक्री के लिए रखे गए हैं, जो गुणवत्ता के साथ-साथ किफायती भी हैं।

उन्होंने बताया कि मेले का फन जोन बच्चों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है। यहां ड्रैगन झूला, ब्रेक डांस, ट्रेन झूला, टोरा-टोरा, नाव झूला सहित कई तरह के झूले लगाए गए हैं, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। परिवार के साथ आने वाले लोग भी इस मनोरंजन का भरपूर आनंद ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी ऊनी उत्पाद कश्मीर से सीधे मंगाए गए हैं और उनकी गुणवत्ता की पूरी गारंटी दी जा रही है। साथ ही फन जोन में बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है।

मेले की सबसे बड़ी खासियत इसके प्रवेश द्वार है, जिसे हवाई जहाज का आकर्षक लुक दिया गया है। यह एंट्री गेट दूर से ही लोगों को अपनी ओर खींच रहा है और लोग यहां फोटो खिंचवाने से खुद को रोक नहीं पा रहे हैं।