राज – 9334160742
बिहारशरीफ के सोगरा स्कूल परिसर में शनिवार को आयोजित जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकर्ता आभार समारोह सह सदस्यता अभियान का आयोजन किया गया था। समारोह में समाज कल्याण मंत्री मदन साहनी के अलावा सांसद, विधायक एवं पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। उसी दौरान कार्यकर्ताओं ने पक्षपात का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत कार्यकर्ताओं के सम्मान से की गई। पहले मंच से कुछ चुनिंदा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। इसके बाद नीचे कुर्सियों पर बैठे अन्य कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया जाने लगा। इसी क्रम में अचानक असंतोष फैल गया। जिससे कुछ कार्यकर्ता भड़ककर हंगामा करने लगें। नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। कुछ विधायकों पर भी कार्यकताओं ने असमाजिक तत्वों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
उनका आरोप था कि सम्मान देने में खुले तौर पर भेदभाव किया गया। किसी को शॉल तो किसी को केवल गमछा देकर औपचारिकता निभाई गई जबकि कई वरिष्ठ और लंबे समय से पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं को न तो मंच पर स्थान मिला और न ही सम्मान।
आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष मो. अरशद और अस्थावां विधायक डॉ. जितेंद्र कुमार समेत अन्य नेताओं पर पक्षपात का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि जिन लोगों ने वर्षों से पार्टी के लिए मेहनत की, उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया। जबकि कुछ चुनिंदा लोगों को ही प्राथमिकता दी गई। इसको लेकर माहौल गरमाता चला गया और नारेबाजी शुरू हो गई।
हंगामा के दौरान कई कार्यकर्ताओं ने सम्मान में मिले गमछा लौटाते हुए कार्यक्रमस्थल से बाहर निकल गए।

