• November 20, 2025 5:15 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज़ नालंदा – गृहमंत्री अमित शाह की जनसभा: आज बिहारशरीफ के ये प्रमुख मार्ग रहेंगे बंद, निकलने से पहले जान लें रूट…..

ByReporter Pranay Raj

Oct 24, 2025

राहुल रंजन – 9334160742 

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को शहर के श्रम कल्याण केंद्र मैदान में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके आगमन को देखते हुए, जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के अभूतपूर्व प्रबंध किए हैं, जिसके कारण नागरिकों को शनिवार को घर से निकलने से पहले इन बदलावों की जानकारी होना आवश्यक है।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत, पूरे बिहारशरीफ शहरी क्षेत्र को नो फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया गया है। जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने निषेधाज्ञा जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार के ड्रोन को उड़ाने पर सख्त पाबंदी रहेगी और इसका उल्लंघन करने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यातायात में प्रतिबंध : 
सुबह से ही कार्यक्रम की समाप्ति तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। बड़े वाहनों का शहर में प्रवेश पूरी तरह वर्जित कर दिया गया है। छोटे वाहन भी कई प्रमुख मार्गों पर नहीं चल सकेंगे। इनमें मामू-भगीना मोड़ से श्रम कल्याण होते हुए अस्पताल चौराहा तक का मार्ग, मछली मंडी से वॉच टावर तक, सोहसराय से ऐतबारी बाजार तक, भरावपर से अस्पताल चौराहा तक और भैंसासुर से अस्पताल मोड़ तक का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इसके अतिरिक्त, राजगीर और गिरियक की ओर से आने वाले वाहनों का परिचालन कारगिल चौक तक ही सीमित रहेगा।

वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग: 

प्रशासन ने यातायात को सुगम बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की है। जो लोग राजगीर या नवादा जाना चाहते हैं, वे मंगलास्थान से कारगिल चौराहा होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। पटना जाने के लिए शहर के लोग 17 नंबर, पिचासा मार्ग या मछली मार्केट व मंगलास्थान के रास्ते कारगिल चौक से फ्लाईओवर का मार्ग ले सकते हैं। वहीं, पटना से राजगीर या नवादा जाने वाले सभी वाहन फ्लाईओवर के माध्यम से ही अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।

पार्किंग और नियंत्रण बिंदु : 

जनसभा में आने वाले लोगों के वाहनों के लिए शहर में पाँच अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जिनमें नेशनल हाई स्कूल शेखाना, किसान कॉलेज परिसर, सोगरा हाई स्कूल मैदान, कारगिल बस पड़ाव और बरबीघा बस पड़ाव शामिल हैं। यातायात को नियंत्रित करने के लिए गोलापुर मोड़, मंगलास्थान, श्रृंगारहाट, देवी स्थान, भैंसासुर चौराहा, बड़ी पहाड़ी, वॉच टावर और मामू-भगना फ्लाईओवर कट समेत 10 प्रमुख स्थानों पर ड्रॉप गेट या बैरियर लगाए गए हैं। हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एंबुलेंस जैसी आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों की आवाजाही पर कोई रोक नहीं होगी।