• November 20, 2025 7:40 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – गरजी बंदूकें : मामूली विवाद में गोली मार बुजुर्ग की हत्या …

ByReporter Pranay Raj

Sep 4, 2022

राज – 7903735887 

चंडी थाना इलाके के बेलधन्ना गांव में पटवन विवाद में जमकर बंदूकें गरजी जिससे गोली लगने से एक बुजुर्ग की मौत हो गयी। वहीं मारपीट की घटना में 4 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी एक ही परिवार के बताए जाते हैं। मृतक स्व.हरिनंदन यादव के 60 वर्षीय यसवंत गोप है। घायलों में उनका 3 पुत्र एवं एक चचेरा भाई शामिल है।

घटना के बारे में मृतक के भाई ने बताया कि मंदिर के पास की सूखी खाई में वेलोग 3 दिनों से पटवन के लिए पानी गिरा रहे थे। रविवार को गोतिया के लोग भज्जु यादव, नीतीश कुमार,राजेश गोप और वीरमणि यादव के द्वारा उसी खाई में मोटर लगा पटवन का कार्य किया जाने लगा। जब उनलोगों ने इसका विरोध किया तो पहले तो लाठी डंडे चलने लगे। और देखते देखते गोलियां चलने लगी। इसी बीच एक गोली यशवंत गोप को लग गई। आनन-फानन में परिजन इलाज के लिए अस्पताल ले कर जाने लगे। जहां रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घायलों में यशवंत गोप के बेटे मंटू गोप, रोशन गोप, बच्चु यादव एवं चचेरा भाई धर्मवीर यादव शामिल है। जिन्हें ईलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान पावापुरी रेफर कर दिया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो बदमाशों के द्वारा दर्जनों राउंड फायरिंग की गई। पूर्व से ही यशवंत गोप के गोतिया के लोगों ने करीब एक दर्जन बदमाशों को बुला कर रखा था। जिसने दहशत फैलाने के उद्देश्य से दर्जनों राउंड फायरिंग की।

गोलीबारी से हुई मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया में जुट गई है। वहीं गांव में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस कैंप कर रही हैं। चंडी थानाध्यक्ष अभय कुमार ने बताया कि गोलीबारी की घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।