• November 20, 2025 5:38 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – सावन: पहले दिन शिवालयों में उमड़ी भक्तों की भीड़…

ByReporter Pranay Raj

Jul 11, 2025

राज –  9334160742 

श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ नालंदा जिले में शुक्रवार से सावन महीने की शुरुआत हुई। सावन का पहला दिन होने के कारण बिहारशरीफ, राजगीर, पावापुरी, हरनौत, इस्लामपुर, कतरीसराय सहित जिले के सभी प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने बेलपत्र, जल, भांग, धतूरा और दूध से शिवलिंग का अभिषेक कर परिवार के सुख-शांति की कामना की।

बिहारशरीफ के बाबा मणिराम मंदिर, धनेश्वरनाथ मंदिर, हिरण्येश्वर धाम स्थित शिव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में भक्तों की भीड़ सुबह से देर शाम तक लगी रही। महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में पूजन किया, वहीं युवाओं में भी शिव भक्ति को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
सावन के पहले दिन ही मंदिरों में घंटियों की गूंज, भजन-कीर्तन और मंत्रोच्चारण से माहौल भक्तिमय बना रहा। कई जगहों पर सामूहिक पूजा का आयोजन हुआ। स्थानीय स्तर पर श्रद्धालुओं ने गंगा और अन्य जल स्रोतों से जल भरकर शिवलिंग का जलाभिषेक किया। भीड़ को देखते हुए प्रमुख मंदिरों में पुलिस की तैनाती की गई थी। कतारबद्ध दर्शन और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम व स्थानीय प्रशासन सक्रिय दिखा।