राज – 9334160742
झारखंड से पानी छोड़े जाने के बाद जिले के कई नदियां पानी से भर गई। कुछ इलाके में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। एहतियातन जिला प्रशासन ने नागरिकों को अलर्ट रहने का आदेश दिया है। कतरीसराय क्षेत्र से गुजरने वाली सकरी नदी और पूरबी इलाके की प्रमुख नदी जिरायन में पानी धार दिखने लगी है, जबकि पश्चिमी हिस्से से होकर बहने वाली लोकाइन नदी में तेज उफान देखा जा रहा है। लोकाइन नदी का जलस्तर बढ़ने से हिलसा प्रखंड के धुरी बिगहा के पास तटबंध टूट गया, जिससे क्षेत्र के 12 से अधिक गांवों में अफरा-तफरी मच गई है। खेतों में लगी धान की फसलें जलमग्न हो गई हैं।
नदी के पूर्वी और पश्चिमी तटबंधों से भी रिसाव की खबरें मिल रही हैं। प्रशासन ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कई स्थानों पर बालू से भरे बोरे और ईसी बैन लगवाए हैं। बाढ़ प्रमंडल के अधिकारियों के अनुसार सकरी नदी में फिलहाल लगभग पांच फीट पानी बह रहा है, जो खतरे के निशान से नीचे है। जिरायन नदी में कुल्टी बीयर से तेजी से पानी आ रहा है, जिससे उसका जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। अगर झारखंड में बारिश यूं ही जारी रही तो पंचाने, गोइठवा और संकरी नदियों में भी अगले 48 घंटे में उफान की संभावना है। डीएम कुंदन कुमार लगातार इलाके का निरीक्षण में जुटे हैं। देर शाम पंचाने नदी में पानी आ गया है।

