राज – 9334160742
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को एकंगरसराय पहुंचे। मुख्यमंत्री राजनीतिक साथी स्व. राजीव रंजन की पहली पुण्य तिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए भावुक हो गए। कोल्ड स्टोरेज परिसर में आयोजित प्रार्थना सभा में बड़ी संख्या में नेता, जनप्रतिनिधि और समर्थक उमड़े थे।
मुख्यमंत्री जब राजीव रंजन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर रहे थे, उस दौरान माहौल गमगीन हो गया। श्रद्धांजलि देने के बाद वे दिवंगत नेता की पत्नी मंजू सिन्हा, पुत्र रुहैल रंजन और पुत्रवधू अर्पणा राठी से मिले और उन्हें सांत्वना दी।
मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि राजीव जी सिर्फ मेरे राजनीतिक साथी नहीं, बल्कि एक अभिन्न मित्र थे। हमने वर्षों तक कंधे से कंधा मिलाकर काम किया। वे जितने अच्छे नेता थे, उतने ही संवेदनशील इंसान भी। उनका जाना मेरे लिए सिर्फ राजनीतिक क्षति नहीं, बल्कि निजी जीवन का सबसे बड़ा नुकसान है।
श्रद्धांजलि देने वालों में मंत्री विजय कुमार चौधरी, जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा, राष्ट्रीय महासचिव अशफाक अहमद, इंजीनियर सुनील कुमार, पूर्व मंत्री शिवानंद तिवारी, सांसद कौशलेन्द्र कुमार और झारखंड के विधायक सरयू राय शामिल थे।

