राज – 9334160742
प्रकृति के रौद्र रूप ने ब्लैक थर्सडे बना दिया। आंधी और बारिश से जिले के अलग-अलग थाना इलाके में कुल 22 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा सैकड़ों लोग जख्मी हुए। देर शाम से सदर अस्पताल में शव आने का सिलसिला शुरू हो गया। अस्पताल में परिवार की दहाड़ गूंज रही थी। डीएम ने 22 लोगों के मौत की पुष्टि की।
मानपुर थाना क्षेत्र के नगवां गांव पीपल के पेड़ से दबकर एक साथ छह लोगों की मौत हो गई। सभी मंदिर में बारिश से बचने के लिए रुक थे। उसी दौरान हादसा हुआ। घटना में कई लोग जख्मी भी हुए। मृतकों में सुमित पंडित की 35 वर्षीय पत्नी निरजुला देवी, शिव शंकर की 50 वर्षीया पत्नी गीता देवी, अवनिश यादव के 12 वर्षीय पुत्र अंश कुमार और 8 वर्षीय पुत्री नंदनी कुमारी, जितेंद्र पंडित के 12 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार और उमेश यादव का 13 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार शामिल है।
सिलाव थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव के खेत में ताड़ के पेड़ से दबकर 45 वर्षीया कांति देवी की मौत हो गई। वहीं, इसलामपुर थाना क्षेत्र के बालमत बिगहा गांव में पुल धाराशायी होने से उसके मलबे में दबकर दूधमुंही बच्ची संग परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में विनय यादव के दो साल का पुत्र गुड्डू कुमार, राजवल्लभ यादव की 6 माह की पुत्र ज्योति कुमारी और वाचो देवी शामिल हैं।
पावापुरी थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव के खंधा में ताड़ के पेड़ से दबकर 10 साल के बच्चे की मौत हो गई। मृतक दुर्गापुर गांव निवसी पिंटू यादव का पुत्र अंकित कुमार था। इसी तरह रहुई थाना क्षेत्र के देकपुरा हॉल्ट के पास मुर्गी फार्म का दीवार गिर जाने से उसके मलबे मं दबकर मां-बेटे की मौत हो गई। मृतकों में पिंकू पंडित की पत्नी ललिता देवी और उनका 10 साल का पुत्र आयुष कुमार थे। अंबा गांव में भी एक की जान गई।
भागन बिगहा ओपी क्षेत्र के नवादापर गांव में दीवार गिरने से उसके मलबे में दबकर बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मृतका रामशरण यादव की 70 वर्षीया पत्नी मगही देवी थीं।
नालंदा थाना अंतर्गत स्थित प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के भग्नावशेष परिसर में पीपल का पेड़ गिर गया। जिससे दबकर सारिलचक गांव निवासी गार्ड 22 वर्षीय राकेश कुमार की मौत हो गई। नूरसराय के सुंदर बिगहा गांव में पेड़ की टहनी से दबकर बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक 70 वर्षीय देवनंदन प्रसाद थे। इसी तरह गोसांय बिगहा गांव में तेज आंधी के कारण 70 वर्षीय बुजुर्ग चरितर गोप की छत से गिरकर मौत हो गई।
वहीं, बिहार थाना क्षेत्र के चैनपुरा गांव में जर्जर दीवार गिर जाने से उसके मलबे में दबकर किशोर समेत दो की मौत हो गई। मृतकों में मो. अनवर के 18 वर्षीय पुत्र आमिर और सतीश राम का 13 वर्षीय पुत्र करर्ण राम शामिल थे। बेन थाना क्षेत्र के बुल्ला बिगहा गांव में दीवार से दबकर महिला की मौत हो गई। मृतका चिंता देवी थीं। ग्रामीणों ने बताया कि आंधी-बारिश में महिला घर के पास बैठी थीं। उसी दौरान दीवार गिर गई। जिसके मलबे में दबकर महिला की जान चली गई।
सीएम ने दिया मुआवजा देने का आदेश
प्राकृतिक आपदा के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतक के परिजनों को प्रावधान के तहत मुआवजा उपलब्ध कराने का आदेश दिया है।
जिले की बिजली गुल
तेज आंधी बारिश में सैकड़ों बिजली पोल क्षतिग्रसत हो गया। जिससे जिले की बिजली गुल हो गई। विभाग के कर्मी युद्धस्तर पर बिजली को सुचारू करने के प्रयास में जुटे हैं।

