राज – 9334160742
रहुई थाना अंतर्गत निजांय गांव के पास मंगलवार को बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार भाई-बहन व मां जख्मी हो गईं। बोलेरो गोखुलपुर थाना का बताया जा रहा है। घटना के बाद जख्मी युवक मोबाइल में पुलिस कर्मियों का वीडियो बनाने लगे। जिस पर उन्हें तमाचा जड़ दिया गया।
आश्चर्यजनक तो यह है कि जख्मी परिवार को अस्पताल पहुंचाने के बजाय पुलिस कर्मी उन्हें रास्ते में छोड़कर फरार हो गए। सूचना के बाद पहुंची स्थानीय पुलिस जख्मी परिवार को सदर अस्पताल लाई।
जख्मी लोगों में हरनौत के अमैत्रा गांव निवासी अरविंद पांडेय की पत्नी सरिता देवी उनकी पुत्री लूसी कुमारी और पुत्र सन्नी पांडेय शामिल हैं। महिला को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
जख्मी युवक ने बताया कि वह बाइक से मां और बहन को बिहारशरीफ लेकर आ रहे थे। उसी दौरान गोखुलपुर थाना की बोलेरो टक्कर मार दी। जिससे बाइक सड़क किनारे गड़्ढ़े में जा गिरी और तीनों सवार जख्मी हो गए।
घटना के बाद वह जख्मी हालत में मोबाइल में बोलेरो का वीडियो बनाने लगे। तब पुलिस कर्मियों ने उन्हें तमाचा जड़ दिया। इसके परिवार को अस्पताल पहुंचाने के बजाय रास्ते में छोड़कर कर बोलेरो ले सभी फरार हो गए। रहुई थाना की पुलिस उन्हें अस्पताल लाईं। मां की हालत गंभीर है। उन्हें पटना रेफर कर दिया गया है।
रहुई थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने बताया कि जख्मी गोखुलपुर थाना के वाहन से दुर्घटना होने की बात कह रहे हैं। लिखित शिकायत मिलने पर अग्रेतर कार्रवाई होगी।
पहले भी हो चुकी है घटना
पुलिस वाहन से दुर्घटना होने की घटना जिले में पहले भी हो चुकी है। नवंबर 2023 में एकंगरसराय थाना पुलिस की वाहन से बाइक सवार तीन युवकों की जान चली गई थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने खूब बवाल किया था।