• February 24, 2026 10:48 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – अस्पताल से गर्भवती को आशा कर्मी ले गई क्लिनिक, जच्चा-बच्चा की मौत के बाद आंसू बहाते हंगामा…

ByReporter Pranay Raj

Jan 20, 2026

राज 

बिंद थाना क्षेत्र के बाजार इलाके में स्थित एक निजी क्लीनिक में ऑपरेशन से प्रसव के दौरान सोमवार की रात जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने आंसू बहाते हुए हंगामा किया। परिवार के ऑपरेशन में लापरवाही से मौत बता रहे हैं। मौत के बाद संचालक-कर्मी फरार हो गया। सरकारी अस्पताल से एक आशा कर्मी गर्भवती को बरगला कर क्लिनिक ले गई थी। जहां मोटी रकम लेकर ऑपरेशन किया गया। यही नहीं, मौत के बाद प्रसूता की हालत गंभीर बता चार घंटे उसे एंबुलेंस में घुमाया गया। मृतका खानपुर गांव निवासी सचिन कुमार की 19 वर्षीय पत्नी सोनम कुमारी है। महिला का पहला प्रसव था।

मृतका की सास निर्मला देवी ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उनके बेटे की शादी हुई थी। सोमवार की शाम प्रसव पीड़ा होने पर सोनम को बिंद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां इलाज शुरू हुआ। इसी दौरान एक आशा कर्मी वहां पहुंची और सरकारी अस्पताल में बेहतर इलाज नहीं होने की बात कहकर निजी क्लीनिक में डिलीवरी कराने की सलाह दी। परिजन उसकी बातों में आ गए और महिला को बाजार स्थित ऊषा नर्सिंग होम ले जाया गया।

नर्सिंग होम में डॉक्टर ने ऑपरेशन की जरूरत बताई और 25 हजार रुपये की मांग की। जब परिजन उसे दूसरी जगह ले जाने लगे तो कर्मियों ने भरोसा दिलाया कि किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। आरोप है कि गलत तरीके से ऑपरेशन किए जाने के कारण जच्चा और बच्चा दोनों की मौत हो गई। मौत के बाद प्रसूता की हालत को नाजुक बताकर शव को चार घंटे तक एंबुलेंस में घुमाया गया।

बिंद अस्पताल के प्रभारी डॉक्टर उमाकांत ने बताया कि संबंधित आशा कर्मी की पहचान की जा रही है। अवैध रूप से संचालित निजी क्लीनिक को पूर्व में भी नोटिस दिया गया था। ऐसे सभी क्लीनिकों की दोबारा जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बिंद थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया गया है।