राज – 9334160742
राष्ट्रीय जनता दल की महिला नेत्री डॉ. आयशा फातिमा ने बिहार में एसआईआर (सर्च एंड इंवेस्टिगेशन रजिस्टर) के मुद्दे पर सरकार पर जमकर निशाना साधा। बिहारशरीफ स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि एसआईआर के कारण पूरे बिहार में करीब 65 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। डॉ. फातिमा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “जिन लोगों के नाम काटे गए हैं, उनमें ऐसे भी लोग हैं जिन्होंने हाल ही में लोकसभा चुनाव में मतदान किया था और जिनके वोट से ही केंद्र में सरकार बनी। यह एक गंभीर लोकतांत्रिक संकट है, जिससे लाखों लोगों के मताधिकार पर सीधा हमला हुआ है।” वह व्यक्तिगत और पार्टी स्तर पर इस मुद्दे पर सक्रिय हैं और जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, उनके नाम दोबारा जोड़वाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही हैं।
तेजस्वी यादव पर उठे सवालों का दिया जवाब
तेजस्वी यादव के दो ईपिक कार्ड को लेकर चल रहे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. फातिमा ने कहा कि तेजस्वी यादव ईमानदारी और निष्ठा के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “तेजस्वी यादव की कार्यशैली, दूरदृष्टि और विकास की सोच के कारण महिलाएं, युवा और वरिष्ठ नागरिक उनकी विचारधारा से जुड़ रहे हैं। विरोधियों को जब किसी ठोस मुद्दे पर उन्हें घेरने में सफलता नहीं मिली, तो दो ईपिक कार्ड के बहाने झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।”
बिहार की समस्याओं पर चिंता
राज्य की मौजूदा स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए डॉ. फातिमा ने कहा कि बिहार इस समय बाढ़ की मार झेल रहा है, शिक्षा व्यवस्था जर्जर है, स्वास्थ्य सेवाएं अपर्याप्त हैं और बेरोजगारी चरम पर है। उन्होंने कहा कि “डिजिटल इंडिया की बातें तो खूब होती हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि बिहार इस मामले में काफी पीछे है। ऐसे समय में तेजस्वी यादव ही एकमात्र नेता हैं जो विशेष राज्य के दर्जे के लिए बिहार की आवाज बुलंद कर रहे हैं और बदलाव की दिशा में ठोस कदम उठा रहे हैं।”
राजनीतिक सक्रियता और भविष्य की योजना
अपने राजनीतिक और सामाजिक कार्यों का उल्लेख करते हुए डॉ. फातिमा ने कहा कि वह लंबे समय से बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र में जनता की सेवा कर रही हैं। उन्होंने बताया कि सर्दियों में गरीब परिवारों को कंबल वितरण, छठपर्व के मौके पर व्रतियों के बीच पूजन सामग्री वितरण करना, और अन्य सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी उनकी प्राथमिकता रही है।उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर मौका मिला तो वे बिहारशरीफ विधानसभा से चुनाव लड़ेंगी। उनका संकल्प है कि जीतने के बाद महिलाओं के अधिकारों के लिए मजबूती से आवाज उठाएंगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगी। प्रेस वार्ता के दौरान समाजसेवी यासिर इमाम ,पप्पू खान ,टूप टूप मल्लिक, चंगेज खान, टिंकू मौजूद रहे।

